चंद्रपुर में औद्योगिक विकास को गति देने एआईडी ने उद्योग समूहों से किया संवाद

Painter: Artist busy on his creative work

AID

उद्योगों की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

22 अगस्त 2026          4.40 PM

चंद्रपुर - चंद्रपुर जिले में औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से एसोसिएशन फॉर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट (एआईडी), नागपुर की ओर से चंद्रपुर जिला उद्योग केंद्र के समन्वय तथा एमआईडीसी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, चंद्रपुर, राइस मिलर्स एसोसिएशन, मूल और लघु उद्योग भारती, चंद्रपुर के सहयोग से उद्योग समूहों के साथ संवाद बैठक आयोजित की गई। नियोजन भवन, चंद्रपुर में आयोजित इस बैठक में उद्योग क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

जिलाधिकारी वसुमना पंत, आईएएस की ओर से अतिरिक्त जिलाधिकारी डॉ. नितिन व्यवहारे की अध्यक्षता में आयोजित बैठक की शुरुआत एआईडी के कार्यकारी सचिव पंकज भोकरे के स्वागत भाषण से हुई। एआईडी के मानद सचिव डॉ. विजयकुमार शर्मा ने कहा कि यह बैठक एआईडी की ओर से विदर्भ के सभी जिलों तक पहुंचने के अभियान का हिस्सा है।

उन्होंने स्थानीय उद्योगों से अपनी समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं सामने रखने का आह्वान करते हुए आगामी ‘एडवांटेज विदर्भ-इंडस्ट्रियल एक्सपो, बिजनेस कॉन्क्लेव एंड इन्वेस्टमेंट समिट’ में सक्रिय सहभागिता की अपील की।

नागपुर में सुविधा कार्यालय स्थापित करने का प्रस्ताव

उद्योग प्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों के आधार पर डॉ. शर्मा ने मौजूदा सरकारी व्यवस्था को पूरक बनाने के लिए नागपुर में उद्योग विभाग का सुविधा कार्यालय स्थापित करने का प्रस्ताव प्रशासन के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि इससे आवश्यक दस्तावेज जमा करने और विभिन्न सरकारी विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने में उद्योगों को सुविधा होगी। साथ ही महत्वपूर्ण सरकारी पत्राचार की प्रतियां एआईडी को भी उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि संबंधित मामलों का समन्वयपूर्वक प्रभावी ढंग से फॉलोअप किया जा सके।

बड़े उद्योगों और स्थानीय एमएसएमई के बीच मजबूत संबंध जरूरी

एमएसएमई क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा करते हुए एआईडी के सीईओ डॉ. कपिल चंद्रायण ने बड़े उद्योगों और स्थानीय एमएसएमई के बीच मजबूत व्यावसायिक संबंध स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बड़े उद्योग अपनी खरीद आवश्यकताओं और गुणवत्ता मानकों की जानकारी स्थानीय उद्योगों तक पहुंचाएं। इसके लिए जिला स्तर पर एक विशेष मंच तैयार करने का प्रस्ताव भी उन्होंने रखा।

उन्होंने कहा कि नीतिगत मामलों के फॉलोअप के साथ ही राज्य और केंद्र सरकार के हस्तक्षेप की आवश्यकता वाले विषयों में एआईडी की ओर से आवश्यक सहयोग दिया जाएगा। जिला उद्योग केंद्र, चंद्रपुर के महाप्रबंधक अनमोल कोरे तथा एमआईडीसी, चंद्रपुर एवं गडचिरोली के क्षेत्रीय अधिकारी निशांत गिरी ने उद्योग प्रतिनिधियों की ओर से उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर प्रशासन की भूमिका स्पष्ट की।बैठक में एमआईए चंद्रपुर के अध्यक्ष मधुसूदन रूंगटा, लघु उद्योग भारती, चंद्रपुर के अध्यक्ष सुबोध कासुळकर तथा राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि अजय भट्टड प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

इसके अलावा जीएमआर, एसीसी सीमेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट, लीड्स मेटल्स एंड एनर्जी, सनफ्लैग आयरन एंड स्टील सहित जिले के विभिन्न एमएसएमई उद्योगों के प्रतिनिधियों तथा सरकारी अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता की। बिजली, जमीन से लेकर रोजगार तक मुद्दों पर मंथन बैठक में बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता, मौसमी उद्योगों के लिए बिजली दर, औद्योगिक जमीन एवं भूखंड, विकास अनुमतियां, सड़कें, पुल, अक्षय ऊर्जा, कौशल विकास, स्थानीय खरीद तथा रोजगार के अवसर जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

अध्यक्षीय संबोधन में अतिरिक्त जिलाधिकारी डॉ. नितिन व्यवहारे ने उद्योग प्रतिनिधियों की ओर से उठाए गए विभिन्न मुद्दों को गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं को तत्काल, मध्यम अवधि और नीतिगत स्तर की समस्याओं के रूप में तीन श्रेणियों में वर्गीकृत कर उचित प्रशासनिक माध्यम से उनका फॉलोअप किया जाएगा। उन्होंने उद्योग क्षेत्र की समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग और समन्वित कार्रवाई का आश्वासन दिया।केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन तथा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की औद्योगिक विकास की संकल्पना के अनुरूप एआईडी की ओर से किए जा रहे औद्योगिक विकास के प्रयासों को इस संवाद बैठक से नई गति मिली।

औद्योगिक विकास से संबंधित सुझावों तथा उद्योगों से जुड़े किसी भी विषय के लिए एमएसएमई एवं अन्य उद्योग प्रतिनिधि secretary@aidnagpur.in पर संपर्क करें, ऐसा एआईडी की ओर से आह्वान किया गया है।









Posted in