VIA
20 अगस्त 2026 2.10 PM
नागपुर - विदर्भ इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के एचआरडी फोरम ने इंडियन सोसाइटी फॉर ट्रेनिंग एंड डेवलपमेंट के सहयोग से 'हिडन लीडरशिप-द अनटेप्ड एचआरडी एडवांटेज' विषय पर एक ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी सत्र का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
इस सत्र की विशिष्ट वक्ता डॉ. मोनिका सेठी शर्मा थीं। उन्होंने संगठनों में मौजूद उस नेतृत्व क्षमता को पहचानने और विकसित करने के महत्व पर प्रकाश डाला, जो अक्सर अनदेखी रह जाती है। उन्होंने बताया कि एचआर पेशेवर छिपी हुई नेतृत्व प्रतिभाओं की पहचान करने, उनके विकास को प्रोत्साहित करने तथा उनकी क्षमताओं का प्रभावी उपयोग कर संगठन की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने ट्रांजेक्शनल एनालिसिस से संबंधित एक केस का भी उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में एचआर क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों, उद्योग जगत के नेताओं एवं प्रबंधन विशेषज्ञों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने सक्रिय चर्चा एवं संवाद के माध्यम से यह समझने का प्रयास किया कि छिपी हुई नेतृत्व क्षमता किस प्रकार मजबूत एवं लचीली टीमों के निर्माण तथा टिकाऊ संगठनात्मक संस्कृति के विकास में योगदान दे सकती है।
वीआईए एचआरडी फोरम के चेयरमैन डॉ. सुरेश पांडिलवार ने एचआर पेशेवरों को सशक्त बनाने वाले ऐसे ज्ञान-विनिमय मंचों के आयोजन के प्रति वीआईए की प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर डॉ. सुरेंद्र गेडाम, डॉ. दिलीप मोहंती, हेमंत वाघमारे सहित एचआर जगत से जुड़े अनेक प्रतिनिधि उपस्थित थे।



















