जीएसटी रिफंड में देरी के कारण लघु उद्योग कर रहे वित्तीय संकट का सामना

Painter: Artist busy on his creative work

COSIA

कोसिया विदर्भ ने प्रधान आयुक्त सीजीएसटी,नागपुर को सौंपा ज्ञापन

27 मई 2026               7.40 PM

नागपुर - चेंबर ऑफ स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, विदर्भ (कोसिया, विदर्भ) के एक प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष सीए जुल्फेश शाह अध्यक्ष के नेतृत्व में नव नियुक्त प्रधान आयुक्त,सीजीएसटी,नागपुर  राजीव कुमार अग्रवाल से शिष्टाचार भेंट और उनका स्वागत कर विदर्भ क्षेत्र के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को जीएसटी अनुपालन में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

कोसिया के चेयरमैन सीए जुल्फेश शाह ने नए प्रधान आयुक्त को विदर्भ के औद्योगिक परिदृश्य में एमएसएमई की महत्वपूर्ण भूमिका से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि वर्तमान कर व्यवस्था में मौजूद कुछ व्यावहारिक बाधाओं के कारण छोटे उद्योगों की कार्यशील पूंजी फंस रही है, जिससे उनके दैनिक संचालन एवं ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।निर्यातकों एवं इनवर्टेड ड्यूटी स्ट्रक्चर के अंतर्गत आने वाले उद्योगों के जीएसटी रिफंड में हो रही देरी के कारण उद्योग वित्तीय संकट का सामना कर रहे हैं। इन रिफंड्स को शीघ्र मंजूरी देने की मांग की गई।

छोटी-छोटी त्रुटियों के लिए लघु उद्यमियों को बार-बार नोटिस जारी किए जाने पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रतिनिधिमंडल ने करदाताओं के प्रति अधिक सहयोगात्मक एवं संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने की अपील की। कोसिया ने जीएसटी पोर्टल पर आने वाली तकनीकी समस्याओं के समाधान तथा न्यायालयों या ट्रिब्यूनलों में अपील लंबित रहने के दौरान जबरन कर वसूली की कार्रवाई पर रोक लगाने की भी मांग की।

कोसिया ने एमएसएमई के लिए कर नियमों में होने वाले परिवर्तनों के संबंध में विशेष जागरूकता अभियान आयोजित करने तथा उद्योगपतियों और विभागीय अधिकारियों के बीच मासिक ‘इंटरैक्टिव सेशन’ आयोजित करने का सुझाव भी दिया, ताकि विभिन्न समस्याओं का सौहार्दपूर्ण समाधान निकाला जा सके।

राजीव कुमार अग्रवाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि विभाग इन मुद्दों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर समाधान का प्रयास करेगा, ताकि पारदर्शी, उद्योग-अनुकूल एवं सहयोगात्मक कर प्रशासन सुनिश्चित हो सके और क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई गति मिले।

प्रतिनिधिमंडल में राजेश लड्ढा, सीए नितिन आलशी, सीए रितेश मेहता एवं संदीप अग्रवाल भी उपस्थित थे।









Posted in