उमिया इंडस्ट्रियल इस्टेट और उसके आसपास के इलाकों में जल भराव से सब परेशान

Painter: Artist busy on his creative work

NVCC

25 मई 2026              8.15 PM

नागपुर -  नाग विदर्भ चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष फारूक अकबानी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज, उमिया इंडस्ट्रियल इस्टेट और उसके आसपास के सभी इलाकों में जल भराव व पानी निकासी की समस्याओं हेतु नागपुर के जिलाधिकारी कुमार आर्शीवाद को प्रतिवेदन दिया।

प्रतिनिधिमंडल में चेंबर के आईपीपी अर्जुनदास आहूजा, उपाध्यक्ष स्वप्निल अहिरकर, उमेश पटेल, सचिव सीए हेमंत सारडा, कोषाध्यक्ष सचिन पुनियानी, सदस्य संजय गुप्ता, राकेश आहूजा, विदर्भ रूरल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के विनोद पटेल, वेदप्रकाश सोनी, दीपेश पटेल व मयूर पटेल उपस्थित थे।
   
अध्यक्ष फारूक अकबानी ने उमिया इंडस्ट्रियल इस्टेट नागपुर तहसील के अंतर्गत आने वाले कापसी खुर्द गांव के पास नाले की समस्याओं से अवगत कराते हुए बताया कि, कापसी खुर्द और भंडारा रोड पर कई फैक्ट्रियां हैं। इन फैक्ट्रियों की वजह से हजारों लोगों को रोजगार मिलता है और उसका राजस्व भी सरकार को मिलता है। नागपुर शहर की ओर से कापसी खुर्द गांव में आने वाले नाले पर जगह-जगह अतिक्रमण होने से वह बंद सा हो गया है जिससे सही तरीके से इस नाले से पानी की निकासी नहीं होती है। 

उपाध्यक्ष स्वप्निल अहिरकर ने बताया कि इसके कारण हर साल भारी बारिश के समय यहां के इलाकों में जल भराव की समस्या गंभीर हो जाती है। वर्ष 2024 में भारी बारिश दौरान यहां की कई फैक्ट्ररियों एवं आजू-बाजू की बस्तियों में 3 फुट तक पानी जमा हो गया था जिसके कारण फैक्ट्ररियों में रखा हुआ बहुत सारा माल और कई इलेक्ट्रिक उपकरण और दस्तावेज भी खराब हो गए थे।यहां के व्यवसायियों एवं नागरिकों को बहुत आर्थिक नुकसान भी हुआ था। 

उपाध्यक्ष उमेश पटेल ने बताया कि यहां पर आदर्श विद्या मंदिर, सोमलवार हाइस्कूल एवं 2 स्कूल भी हैं जहां हजारों बच्चे रोजाना पढ़ने आते हैं। नवीन नगर और आसपास की बस्तियों का गंदा पानी भी इसी नाले में आता है। अब भी यहां पर कई फैक्ट्ररियों में सरकार की ओर से पेयजल, गटर लाइन, जैसी मुलभूत सुविधा की व्यवस्था नहीं है और जल्द ही बारिश का मौसम भी आने वाला है।

सचिव सीए हेमंत सारडा ने कहा कि सीमेंट रोड तो बनाई गई है किंतु सीवर लाइन नहीं बनाई गई है जिसके कारण भी बारिश में जल जमाव जल्दी-जल्दी होता है। यहां के नागरिकों और स्कूल के बच्चों में बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ जाता है।निवेदन किया कि बारिश शुरू के होने से पहले ही नागपुर तहसील के अंतर्गत आने वाले कापसी खुर्द गांव के नाले को अतिक्रमण से मुक्त कराते हुए इसकी सफाई तथा तलाब तक पानी की निकासी की उचित व्यवस्था कराएं।

कोषाध्यक्ष सचिन पुनियानी ने कहा कि साथ ही पेयजल, गटर लाइन, सीवर लाइन जैसी मुलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था कराई जाए,ताकि यहां के नागरिकों तथा व्यवसायियों को वर्ष 2024 की तरह बारिश में जल भराव की परिस्थिति का पुनः सामना न करना पड़े और उन्हें सारी मूलभूत सुविधाएं भी मिल सकें।

जिलाधिकारी कुमार आर्शीवाद ने चेंबर के निवेदन को ध्यान से सुना एवं तुरंत प्रतिसाद देते हुए समस्या से संबंधित अधिकारियों से फोन पर चर्चा की। उन्होंने इस समस्या हेतु नागपुर जिला परिषद के सीईओ से मुलाकात कर प्रतिवेदन देने को कहा, ताकि मनपा की ओर से इस पर आवश्यक कार्यवाही की जा सके।









Posted in