NCCL
बढ़ते तापमान, भीषण गर्मी में कर्मचारियों एवं मजदूरों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को दें सर्वोच्च प्राथमिकता
23 मई 2026 5.00 PM
नागपुर- नागपुर एवं संपूर्ण विदर्भ क्षेत्र में लगातार बढ़ते तापमान एवं भीषण गर्मी को देखते हुए नागपुर चेंबर ऑफ कॉमर्स ने सी कैलाश जोगानी की अध्यक्षता में सभा लेकर व्यापारियों, उद्योगपतियों, बिल्डर्स, गोदाम संचालकों, ट्रांसपोर्टर्स एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए अपने कर्मचारियों एवं मजदूरों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है।
चेंबर ने तय किया आगामी 10 दिनों तक दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे के बीच अत्यधिक धूप एवं गर्मी के कारण कर्मचारियों, मजदूरों एवं डिलीवरी कर्मियों को अनावश्यक रूप से खुले वातावरण में कार्य हेतु न भेजा जाए। विशेष रूप से कड़ी धूप में होने वाले भारी कार्य जैसे लोडिंग-अनलोडिंग, निर्माण कार्य, कुली कार्य, माल उठाने-रखने का कार्य आदि सुबह या शाम के समय करवाएं जाएं तथा दोपहर के समय ऐसे कार्यों को अस्थायी रूप से रोका जाए।
चेंबर ने पैकेजिंग, गोदाम, मंडी एवं अन्य श्रम आधारित कार्यों में लगे कर्मचारियों के लिए पर्याप्त शेड, टीन शेड अथवा छायादार व्यवस्था करने का भी आग्रह किया है ताकि श्रमिकों को सीधी धूप से बचाया जा सके।साथ ही सुरक्षा गार्डों एवं चौकीदारों के लिए भी शेड, पंखे, कूलर एवं शीतल पेयजल की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
नागपुर चेंबर ऑफ कॉमर्स ने सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों से आग्रह किया है कि कर्मचारियों एवं मजदूरों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कार्यस्थलों पर पंखे, कूलर, ठंडा पानी एवं प्राथमिक चिकित्सा जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि लू एवं हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याओं से बचाव हो सके।
चेंबर ने राज्य एवं केंद्र सरकार से भी अनुरोध किया है कि ई-कॉमर्स एवं ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों को निर्देश जारी किए जाएं कि वे दोपहर के 4 घंटे के दौरान गिग वर्कर्स एवं डिलीवरी कर्मचारियों को अत्यधिक गर्मी में कार्य करने हेतु बाध्य न करें तथा उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी करें।
इसके अतिरिक्त बिल्डर्स एवं निर्माण कंपनियों से भी अपील की गई है कि निर्माण स्थलों पर दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक मजदूरों से खुले में कार्य न करवाया जाए तथा उनके लिए विश्राम एवं छाया की पर्याप्त व्यवस्था की जाए।
नागपुर चेंबर ऑफ कॉमर्स ने कहा कि व्यापार और विकास के साथ-साथ मानव जीवन एवं श्रमिकों का स्वास्थ्य भी उतना ही महत्वपूर्ण है। वर्तमान भीषण गर्मी में सभी संस्थानों को संवेदनशीलता एवं सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए कर्मचारियों एवं मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
सभा में अध्यक्ष कैलाश जोगानी,पूर्व अध्यक्ष गोविंद पसारी,उपाध्यक्ष प्रदीप जाजू,विजय जायसवाल,सचिव तरुण निर्बाण, कोषाध्यक्ष नाथाभाई पटेल, ललित खेतान, निखिल काकानी, पुरषोत्तम ठाकरे, विवेक मुरारका, शंकरलाल खंडेलवाल उपस्थित थे।


























































































