गड़चिरोली के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए एआईडी की पहल

Painter: Artist busy on his creative work

AID

19 जुलाई 2026             3.35 PM

गड़चिरोली - गड़चिरोली जिले में औद्योगिक विकास को नई गति देने के उद्देश्य से एसोसिएशन फॉर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट (एआईडी) की पहल पर जिले की विभिन्न औद्योगिक संस्थाओं और जिला प्रशासन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गड़चिरोली के जिलाधिकारी अविश्यांत पंडा (आईएएस) ने की।

जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित बैठक में एआईडी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. कपिल चांद्रायण, कार्यकारी सचिव पंकज भोकरे तथा कार्यकारिणी सदस्य शिवकुमार राव उपस्थित रहे।

बैठक में एआईडी ने जिले की विभिन्न औद्योगिक संस्थाओं से उद्योगों की समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं साझा करने का आग्रह किया। साथ ही आगामी "एडवांटेज विदर्भ -इंडस्ट्रियल एक्सपो कम समिट" में गड़चिरोली के उद्योगों से बड़ी संख्या में भागीदारी करने तथा जिले का अलग पवेलियन स्थापित करने की अपील की।

डॉ. कपिल चांद्रायण ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध गड़चिरोली में उद्योग, जिला प्रशासन और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से औद्योगिक विकास को और अधिक गति दी जा सकती है। उन्होंने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को बड़े औद्योगिक प्रकल्पों से जोड़ने के लिए मजबूत फॉरवर्ड लिंकेंज विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि स्थानीय उद्योगों को मान्यता प्राप्त विक्रेता के रूप में विकसित करने के लिए जिला प्रशासन प्रभावी मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराने हेतु एक सशक्त मंच तैयार करे।

जिलाधिकारी अविश्यांत पंडा ने बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई कर समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा और स्थानीय उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा।

बैठक में एमआईडीसी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, राइस मिलर्स एसोसिएशन, लघु उद्योग भारती सहित जिले के विभिन्न एमएसएमई उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और उद्योग क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं एवं सुझावों को विस्तार से रखा।









Posted in