जीएसटी अपील प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी एवं करदाता-अनुकूल बनाएं : एनवीसीसी

Painter: Artist busy on his creative work

NVCC

14 जुलाई 2026                6.50 PM

नागपुर - नाग विदर्भ चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) आयुक्त (अपील) अजीत कुमार से शिष्टाचार भेंट कर उनका पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर व्यापार एवं उद्योग जगत से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा जीएसटी अपील प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी एवं करदाता-अनुकूल बनाने हेतु एक विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा गया।

अध्यक्ष फारूक अकबानी ने कहा कि अपीलों का समयबद्ध निस्तारण व्यापार जगत के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लंबित अपीलों के शीघ्र निराकरण तथा विभाग एवं व्यापार संगठनों के बीच नियमित संवाद स्थापित करने का आग्रह किया, जिससे अनावश्यक विवादों एवं मुकदमेबाजी में कमी लाई जा सके।

सचिव सीए हेमंत सारडा़ ने अपील की सुनवाई के दौरान करदाताओं को पर्याप्त अवसर प्रदान करने तथा सुनवाई की सूचना एवं आदेशों का समय पर इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से संप्रेषण सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इससे करदाताओं एवं कर सलाहकारों को समयबद्ध अनुपालन में सुविधा होगी।

एनवीसीसी की अप्रत्यक्ष कर समिति के संयोजक सीए रितेश मेहता ने प्रतिनिधित्व करते हुए कहा कि तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक त्रुटियों के कारण वास्तविक मामलों में न्याय प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि जहां संभव हो, प्रक्रियात्मक कमियों के प्रति उदार दृष्टिकोण अपनाया जाए तथा वर्चुअल सुनवाई की सुविधा को प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही समान प्रकृति के मामलों में निर्णयों में एकरूपता बनाए रखने पर भी बल दिया।

प्रतिनिधिमंडल द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में अपीलों के शीघ्र निस्तारण, करदाताओं को पर्याप्त सुनवाई का अवसर, वर्चुअल हियरिंग की सुविधा, प्रक्रियात्मक त्रुटियों के प्रति व्यावहारिक दृष्टिकोण, समय पर नोटिस एवं आदेशों का संप्रेषण तथा व्यापार संगठनों के साथ नियमित संवाद जैसे महत्वपूर्ण सुझाव सम्मिलित थे।

सीजीएसटी आयुक्त (अपील) अजीत कुमार ने एनवीसीसी द्वारा प्रस्तुत सुझावों की सराहना करते हुए आश्वस्त किया कि विधिक प्रावधानों के अनुरूप करदाताओं को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं प्रभावी अपीलीय व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विभाग और व्यापारिक संगठनों के बीच सकारात्मक संवाद से कर अनुपालन को बढ़ावा मिलेगा तथा अनावश्यक विवादों में कमी आएगी।

इस अवसर पर सीजीएसटी के अधीक्षक प्रशांत वरकर भी उपस्थित थे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा कर प्रशासन एवं व्यापार जगत के बीच बेहतर समन्वय और विश्वास को मजबूत करने की दिशा में इसे एक सकारात्मक पहल माना गया।









Posted in