एआई एवं डिजिटल टूल्स कार्यशाला संपन्न

Painter: Artist busy on his creative work

VIA

4 जुलाई 2026             8.55 PM

नागपुर - विदर्भ इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के एग्रो, ग्रामीण विकास एवं फुड प्रोसेसिंग फोरम द्वारा वीआईए ल्यू ग्रामायण तथा युवा कौशल्य प्रशिक्षण केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में " हाउ एआई एंड डिजिटल टूल्स कैन हेल्प स्माल बिजनेसेज ग्रो" विषय पर एक निःशुल्क कार्यशाला का आयोजन एमआईडीसी हॉल, उद्योग भवन, सिविल लाइन्स, नागपुर में किया गया। इस कार्यशाला में 120 से अधिक उद्यमियों,एमएसएमई, महिला उद्यमियों, पेशेवरों, विद्यार्थियों एवं नवोदित व्यवसायियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके पश्चात युवा कौशल्य प्रशिक्षण केन्द्र के विशेषज्ञ वक्ता प्रशांत बुजोने एवं आनंद भिसे का स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का संचालन शची मलिक,संयोजक वीआईए एग्रो ग्रामीण विकास एवं फूड प्रोसेसिंग फोरम ने किया तथा आयोजन में अनिरुद्ध अन्सिंगकर (प्रोजेक्ट डायरेक्टर,  एग्रो फोरम) एवं दिशा डुंभरे (प्रोजेक्ट डायरेक्टर) ने समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।वीआईए एग्रो ग्रामीण विकास एवं फूड प्रोसेसिंग फोरम के चेयरमैन ओम जाजोदिया ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में फोरम द्वारा कृषि, ग्रामीण विकास, फूड प्रोसेसिंग, मूल्य संवर्धन एवं किसान हित में किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं डिजिटल तकनीक छोटे व्यवसायों की उत्पादकता, विपणन क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के लिए अत्यंत आवश्यक उपकरण बन चुके हैं। उन्होंने सभी उद्यमियों से इन आधुनिक तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया।

वीआईए ल्यू की चेयरपर्सन योगिता देशमुख ने अपने संबोधन में महिला उद्यमियों एवं लघु उद्योगों से एआई एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म का अधिकाधिक उपयोग कर अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आग्रह किया।एग्रो फोरम के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अनिरुद्ध अन्सिंगकर ने मुख्य वक्ता प्रशांत बुजोने का परिचय कराया। अपने अत्यंत संवादात्मक एवं व्यावहारिक सत्र में बुजोने ने एआई प्राॅम्पटिंग की मूलभूत अवधारणा समझाई तथा Role–Context–Task–Format (RCTF) फ्रेमवर्क के माध्यम से प्रभावी एआई प्रॉम्प्ट तैयार करने की तकनीक बताई। उन्होंने लाइव डेमो के माध्यम से दिखाया कि एआई की सहायता से व्हाट्सएप मार्केटिंग संदेश, उत्पाद विवरण, सोशल मीडिया पोस्ट, प्रचार सामग्री, ग्राहक संवाद, भुगतान अनुस्मारक एवं विभिन्न व्यावसायिक दस्तावेज किस प्रकार तैयार किए जा सकते हैं।

दूसरे तकनीकी सत्र में दिशा डुंभरे ने आनंद भिसे का परिचय कराया। भिसे ने विषय पर मार्गदर्शन देते हुए छोटे व्यवसायों के लिए उपयोगी डिजिटल टूल्स, ग्राहक प्रबंधन, डिजिटल रिकॉर्ड, ऑनलाइन उपस्थिति तथा व्यवसाय संचालन को सरल बनाने वाले आधुनिक साधनों की जानकारी दी।उन्होंनेचैटजीपीटी,क्लिकअप,टोडोइस्ट,नोशन एआई एवं जोहो नोटबुक जैसे एआई आधारित उत्पादकता टूल्स का व्यावहारिक उपयोग भी समझाया। साथ ही प्रतिभागियों के लिए डिजिटल बिजनेस हेल्थ चैक गतिविधि भी आयोजित की गई।

कार्यक्रम के अंत में आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने अपने व्यवसाय से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने व्यावहारिक एवं उपयोगी समाधान प्रस्तुत किया। अंत में वीआईए ल्यू की सचिव पूनम गुप्ता ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, प्रतिभागियों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। यह कार्यशाला वीआईए एग्रो ग्रामीण विकास एवं फूड प्रोसेसिंग फोरम के मेंटर आर. बी. गोयनका के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। कार्यक्रम की उल्लेखनीय सफलता अनिरुद्ध अन्सिंगकर (प्रोजेक्ट डायरेक्टर), दिशा डुंभरे (प्रोजेक्ट डायरेक्टर)  तथा कार्यकारिणी सदस्य संजय सिन्हा एवं लक्ष्मीकांत पाडोले व कपिल साहू के समर्पित नियोजन, उत्कृष्ट समन्वय, अथक परिश्रम एवं टीमवर्क का परिणाम रही, जिनके प्रयासों से यह कार्यशाला सफलतापूर्वक संपन्न हुई।









Posted in