NVCC
3 जुलाई 2026 8.30 PM
नागपुर - वस्तु एवं सेवा कर के सफल 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 1 जुलाई 2026 को आयोजित जीएसटी दिवस समारोह के अवसर पर नाग विदर्भ चेंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा अविनाश थेटे, प्रधान आयुक्त, कस्टम्स एवं सीजीएसटी, नागपुर-II का विभागीय कार्यालय में अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर एनवीसीसी के अध्यक्ष फारूक अकबानी ने जीएसटी विभाग द्वारा समय-समय पर व्यापार एवं उद्योग-जगत के साथ आयोजित किए जाने वाले स्टेकहोल्डर इंटरेक्शन कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संवाद से विभाग एवं व्यापारियों के बीच विश्वास, पारदर्शिता तथा सहयोग की भावना निरंतर मजबूत हुई है। उन्होंने विभाग द्वारा करदाताओं की समस्याओं के समाधान हेतु किए जा रहे प्रयासों की भी प्रशंसा की।
सचिव सीए हेमंत सारडा ने चेंबर एवं उसके समस्त सदस्यों की ओर से प्रधान आयुक्त एवं जीएसटी विभाग के सभी अधिकारियों को जीएसटी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा करदाता सुविधा, पारदर्शिता एवं सरल अनुपालन की दिशा में किए जा रहे प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं।
एनवीसीसी के अप्रत्यक्ष कर समिति के संयोजक सीए रितेश मेहता ने जीएसटी के सफल 9 वर्षों की उपलब्धियों को “नवरत्न” के रूप में प्रस्तुत करते हुए कहा कि, जीएसटी ने देश में एकीकृत राष्ट्रीय बाजार, करों के दोहरे प्रभाव में कमी, डिजिटल टैक्स प्रशासन, कर अनुपालन में वृद्धि, रिकॉर्ड स्तर का राजस्व संग्रह, लॉजिस्टिक्स में सुधार, व्यापार सुगमता अर्थात ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, पारदर्शिता तथा अर्थव्यवस्था के औपचारिकीकरण जैसे अनेक ऐतिहासिक परिवर्तन किए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में जीएसटी व्यवस्था और अधिक सरल, पारदर्शी एवं करदाता हितैशी बनेगी।
इस अवसर पर अजीत कुमार आयुक्त (अपील), कुलकर्णी, अतिरिक्त महानिदेशक, डीजीजीआई तथा मुकुल पाटिल, अतिरिक्त आयुक्त सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।कार्यक्रम का समापन विभाग एवं व्यापार जगत के मध्य बेहतर समन्वय, पारदर्शिता तथा करदाता हितैषी जीएसटी व्यवस्था के लिए मिलकर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।



















