Maha-Metro
23 मार्च 2026 7.40 PM
नागपुर - नागपुर मेट्रो रेल परियोजना के फेज–II के अंतर्गत कामठी, वर्धा, हिंगणा और भंडारा महामार्गों पर निर्माण कार्य तेज गति से प्रगति पर है। महामार्ग रिच-1A (खापरी से बूटीबोरी) मार्ग पर पियर निर्माण का 612 में से 188 (30.71%) कार्य पूर्ण हो चुका है। साथ ही, 10 में से 9 मेट्रो स्टेशनों पर निर्माण कार्य शुरू है।
एड ग्रेड स्थित ईको पार्क तथा नेशनल कैंसर हॉस्पिटल मेट्रो स्टेशन पर फाउंडेशन, प्रथम एवं द्वितीय तल तथा रूफ स्लैब का कार्य पूर्ण हो गया है और वर्तमान में पीईबी का कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा अशोकवन से बूटीबोरी मार्ग पर 8 मेट्रो स्टेशनों का निर्माण कार्य जारी है। इस मार्ग पर 590 में से 48 (8.13%) गर्डर स्पैन पूर्ण किए जा चुके हैं। साथ ही, 3 में से 2 स्टील ब्रिज का कार्य भी प्रगति पर है।
नागपुर मेट्रो फेज–II का विस्तार
फेज–II के अंतर्गत कुल 43.8 किमी लंबाई के मार्ग पर 32 मेट्रो स्टेशनों का समावेश किया गया है, जिससे नागपुर शहर का विस्तार उपनगरीय क्षेत्रों तक होगा। इसमें खापरी से MIDC ESR (18.5 किमी, 10 स्टेशन) मार्ग शामिल है, जिसमें ईको पार्क, नेशनल कैंसर हॉस्पिटल, अशोकवन, डोंगरगांव, मोहगांव, मेघदूत CIDCO, बूटीबोरी पुलिस स्टेशन, म्हाडा कॉलोनी, MIDC KEC और MIDC ESR मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित हैं।
नागपुर मेट्रो के फेज–II के पूर्ण होने से शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और अधिक सशक्त होगी तथा उपनगरों के साथ संपर्क में महत्वपूर्ण सुधार होगा।


























































































