मेट्रो की महत्वपूर्ण उपलब्धि : यात्री केंद्रित सेवाओं के 7 वर्ष पूर्ण

Painter: Artist busy on his creative work

Maha-Metro

- नागपुर मेट्रो ने 7 वर्षों में 12.4 करोड़ यात्रियों को दी सेवा 

10 मार्च 2026   8.50 PM

नागपुर -  महा मेट्रो नागपुर द्वारा सीमित स्तर पर सेवाएं शुरू किए जाने के बाद आज सात वर्ष पूरे हो गए हैं। 10 मार्च को नागपुर मेट्रो की यात्री राजस्व सेवा के सात वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। यह नागपुर शहर में शहरी सार्वजनिक परिवहन और सतत गतिशीलता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

इन सात वर्षों में महा मेट्रो नागपुर ने 12.4 करोड़ यात्रियों को परिवहन सेवा प्रदान की है।

इसी दिन वर्ष 2019 में खापरी से सीताबर्डी के बीच पहली मेट्रो यात्री सेवा शुरू की गई थी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से अन्य मार्गों पर भी सेवाएं शुरू की गईं। प्रारंभिक दिनों में प्रतिदिन लगभग 2,500 यात्री मेट्रो से यात्रा करते थे, लेकिन आज यह संख्या बढ़कर प्रतिदिन 1.20 लाख से अधिक यात्रियों तक पहुंच गई है। इससे नागपुर के नागरिकों में मेट्रो यात्रा के प्रति बढ़ते विश्वास और पसंद का स्पष्ट संकेत मिलता है।

नागपुर मेट्रो रेल परियोजना के कुछ महत्वपूर्ण पड़ाव

- 21 अगस्त 2014 - नागपुर मेट्रो परियोजना का भूमिपूजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों हुआ।

- 18 फरवरी 2015 -  नागपुर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड की स्थापना।

- 31 मई 2015 ‘कार्यआरंभ’ (ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह) आयोजित।

- 23 जनवरी 2017 -  नागपुर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के पुनर्गठन के बाद महाराष्ट्र मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड अस्तित्व में आई।

- 30 सितंबर 2017 - मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मेट्रो के ट्रायल रन को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद नागपुरवासियों के लिए ‘जॉय राइड’ शुरू की गई।

प्रतिदिन 356 फेरे

मार्च 2019 में शुरुआत में मेट्रो सेवा प्रतिदिन केवल 12 फेरों से शुरू हुई थी। आज यह संख्या बढ़कर प्रतिदिन 356 फेरों तक पहुंच गई है। इससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और अधिक सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध हो रही है। नागपुर मेट्रो ने 99.90% समयपालन दर बनाए रखते हुए सुरक्षा, विश्वसनीयता और संचालन की उत्कृष्टता के उच्चतम मानक कायम रखे हैं।

महा कार्ड

संपर्करहित और डिजिटल किराया संग्रह के लिए महा कार्ड को प्रमुख साधन के रूप में लागू किया गया है। अब तक 1.3 लाख से अधिक महा कार्ड जारी किए जा चुके हैं। डिजिटल टिकट प्रणाली का उपयोग शुरुआत में 3% था, जो अब बढ़कर लगभग 55% तक पहुंच गया है। विभिन्न डिजिटल भुगतान विकल्पों और टिकटिंग प्लेटफॉर्म के कारण यात्रियों को अधिक सुविधाजनक सेवा मिल रही है।

विशेष अवसरों पर विस्तारित सेवाएं

त्योहारों, बड़े कार्यक्रमों या क्रिकेट मैचों जैसे विशेष अवसरों पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए मेट्रो सेवाओं में नियमित रूप से विस्तार किया जाता है, जिससे यात्रियों को सुगम और सुरक्षित यात्रा सुविधा मिल सके।

फीडर मार्ग

महा मेट्रो ने नागपुर महानगरपालिका के समन्वय से 11 नए फीडर मार्ग शुरू किए हैं और शहर बस के 6 मौजूदा मार्गों का पुनर्गठन किया है। इसके अलावा 26 मेट्रो स्टेशनों पर शेअर्ड ऑटो-रिक्शा सेवा शुरू की गई है। लास्ट माइल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए 60 ई-रिक्शा भी तैनात किए गए हैं।

कॉमन मोबिलिटी एप

महा मेट्रो ने कॉमन सिटी मोबिलिटी ऐप भी लॉन्च किया है। इस ऐप के माध्यम से मेट्रो और शहर बस दोनों परिवहन सेवाओं के लिए यात्रा योजना, टिकट बुकिंग और रियल-टाइम जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो रही है।

फेज – II

महा मेट्रो नागपुर ने फेज–II का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया है। इसके पूर्ण होने के बाद नागपुर जिले के उपनगरीय क्षेत्र भी मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएंगे। फेज–II पूरा होने के बाद नागपुर मेट्रो रेल परियोजना का कुल नेटवर्क 84 किमी का होगा और इसमें 70 मेट्रो स्टेशन शामिल होंगे।









Posted in