व्यापारियों के रोजमर्रा के काम को आसान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है जीएसटी व्यवस्था

Painter: Artist busy on his creative work

NCCL

- 57वीं जीएसटी काउंसिल मीटिंग में नागपुर चेंबर की कई मांगें मानी गईं

- व्यापारियों को बड़ी राहत : पंजीयन, रिफंड, आईटीसी और अनुपालन प्रक्रिया होगी आसान

10 अक्टूबर 2026 10.40 AM

नागपुर -  57वीं जीएसटी काउंसिल की बैठक में व्यापारियों के हित में लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णयों का नागपुर चेंबर ऑफ कॉमर्स ने स्वागत किया है। चेंबर के अनुसार, व्यापारियों की समस्याओं को लेकर चेंबर द्वारा समय-समय पर उठाई गई बहुत-सी महत्वपूर्ण मांगों को जीएसटी काउंसिल ने स्वीकार कर लिया है। इससे व्यापारियों, छोटे व्यवसायों और ईमानदार करदाताओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

नागपुर चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रदीप जाजू ने कहा कि चेंबर लंबे समय से जीएसटी में सरल अनुपालन, त्वरित रिफंड, आईटीसी की सुरक्षा, अनावश्यक जांच में कमी तथा व्यापारियों के लिए प्रक्रियाओं को आसान बनाने की मांग करता रहा है। 57वीं जीएसटी काउंसिल के निर्णयों में इन मांगों का महत्वपूर्ण हिस्सा स्वीकार किया गया है।

चेंबर के पूर्व अध्यक्ष सीए कैलाश जोगानी ने बैठक के प्रमुख निर्णयों की जानकारी देते हुए कहा कि इस बार जीएसटी की दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। मुख्य ध्यान जीएसटी व्यवस्था को अधिक सरल, पारदर्शी और व्यापार-अनुकूल बनाने पर दिया गया है।

चेंबर की मांगों के अनुरूप प्रमुख निर्णय
1. जीएसटी पंजीयन होगा आसान : कम जोखिम वाले आवेदकों को तीन कार्य दिवस में स्वचालित पंजीयन दिया जा रहा है। आवेदन प्रक्रिया को और सरल बनाया जाएगा तथा कई संशोधन स्वतः स्वीकार किए जाएंगे

2. रिफंड प्रक्रिया में तेजी : रिफंड आवेदन की स्वीकृति/जांच की समय सीमा 15 दिन से घटाकर 10 दिन की गई है। जोखिम मूल्यांकन के आधार पर 90 प्रतिशत रिफंड सिस्टम द्वारा स्वीकृत किया जाएगा और आदेश तीन कार्य दिवस में जारी करने का प्रावधान है। कैश लेजर में उपलब्ध अतिरिक्त राशि का रिफंड पूरी तरह स्वचालित होगा।
3. ईमानदार करदाता के आईटीसी की सुरक्षा : जिस खरीदार के पास सही बिल है, उसने माल प्राप्त किया है और सप्लायर को पूरा भुगतान किया है, ऐसे ईमानदार खरीदार के इनपुट टैक्स क्रेडिट की सुरक्षा के लिए अधिकारियों की समिति बनाई जाएगी।
4. व्यापारिक खर्चों पर आईटीसी का विस्तार : कर्मचारियों के लिए लिए गए स्वास्थ्य एवं जीवन बीमा, टेलीकॉम टावर, फैक्ट्री के बाहर बिछाई गई पाइपलाइन, कुछ मुफ्त सैंपल तथा कानूनन नष्ट किए जाने वाले एक्सपायर्ड स्टॉक पर आईटीसी उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।
5. छोटे व्यापारियों के लिए रिटर्न प्रक्रिया आसान : ₹5 करोड़ तक के टर्नओवर वाले और केवल उपभोक्ताओं को बिक्री करने वाले करदाताओं के लिए वर्ष में एक बार रिटर्न और तिमाही टैक्स भुगतान की वैकल्पिक व्यवस्था को सिद्धांततः मंजूरी दी गई है। विस्तृत नियम अगली बैठक में आएंगे।
6. माल परिवहन में अनावश्यक जांच पर रोक : चलते माल वाहन को केवल विशेष सूचना के आधार पर रोका जा सकेगा और इसके लिए वरिष्ठ अधिकारी की पूर्व अनुमति आवश्यक होगी। रास्ते में पड़ने वाले राज्यों द्वारा बार-बार जांच करने के बजाय मुख्य रूप से माल के स्रोत और गंतव्य राज्य में जांच की व्यवस्था होगी।
7. जीएसटी में गिरफ्तारी की शक्ति समाप्त : जीएसटी के अंतर्गत गिरफ्तारी की शक्ति हटाई जा रही है। अभियोजन की सीमा ₹1 करोड़ से बढ़ाकर ₹5 करोड़ की गई है। सामान्य दंड भी ₹25,000 से घटाकर ₹10,000 किया गया है।
8. बंद होने वाले व्यवसायों के लिए प्रक्रिया सरल : व्यवसाय बंद करने पर जीएसटी पंजीयन रद्द करने की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से स्वचालित होगी। अंतिम रिटर्न को भी बंद करने के आवेदन का हिस्सा बनाया जाएगा।
9. निर्यात सेवा क्षेत्र को राहत : विदेशी ग्राहकों के लिए भारत से की जाने वाली टेस्टिंग, रिपेयर, रिसर्च, सर्टिफिकेशन और प्रोसेसिंग जैसी सेवाओं को निर्यात सेवा का लाभ मिलेगा, भले ही संबंधित माल भारत से बाहर न जाए।
10. ई-कॉमर्स के छोटे विक्रेताओं को सुविधा : छोटे विक्रेताओं को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से दूसरे राज्यों में व्यापार करने के लिए पंजीयन प्रक्रिया में सुविधा दी जाएगी।

सीए कैलाश जोगानी ने कहा कि जीएसटी व्यवस्था अब केवल टैक्स दरों तक सीमित न रहकर व्यापारियों के रोजमर्रा के काम को आसान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। पंजीयन, रिटर्न,आईटीसी, रिफंड और परिवहन जांच से जुड़े कई मुद्दे ऐसे हैं जिन्हें चेंबर ने समय-समय पर उठाया है और अब उन पर सकारात्मक निर्णय होना व्यापार जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।उन्होंने कहा कि नागपुर चेंबर ऑफ कॉमर्स व्यापारियों की आवाज को लगातार सरकार और जीएसटी प्रशासन तक पहुंचाता रहा है। चेंबर की बहुत-सी मांगों को स्वीकार किया जाना इस बात का प्रमाण है कि व्यापारियों की व्यावहारिक समस्याओं को गंभीरता से सुना जा रहा है।

चेंबर के पूर्व अध्यक्ष गोविंद पसारी ने कहा कि इन सुधारों से व्यापारियों को राहत मिलेगी और जीएसटी अनुपालन का बोझ कम होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिन मांगों पर अभी निर्णय नहीं हुआ है, उन पर भी सरकार और जीएसटी काउंसिल आगे सकारात्मक विचार करेगी तथा जीएसटी व्यवस्था को और अधिक सरल एवं व्यापार-अनुकूल बनाया जाएगा।

बैठक का संचालन सचिव तरूण निर्बाण ने किया। इस अवसर पर वेणुगोपाल अग्रवाल, विवेक मुरारका, महेश बंग, वसंत पालीवाल,निखिल काकानी,विजय जायस्वाल, नाथाभाई पटेल, पुरुषोत्तम ठाकरे, शंकरलाल खंडेलवाल, देवकीनंदन खंडेलवाल, गिरीश लीलडिया, संजय पांडे, आशीष खंडेलवाल,लक्ष्मीकांत अग्रवाल, ललित खेतान, प्रशांत जग्यासी, विनोद पवार, विवेक उखलकर, हर्षल चरडे, मयंक जसोरे, संदीप खेमका, सुनील जेजानी, मनोज बागडी, राधेश्याम चांडक, अभिषेक माहेश्वरी, पवन अग्रवाल, रवीन्द्र चांडक, अनिल सारडा, महेन्द्र कटारिया, भागीरथ मुरारका, नारायण तोषनीवाल, उमेश पटेल, राजेश लाहोटी, दिनेश बागडी, नितेश अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, सुनील जोगानी, अखिल अग्रवाल, दिलीप राठी उपस्थित थे।









Posted in