जीएसटी 2.0 में ऐतिहासिक सुधारों का वीटीए ने किया स्वागत

Painter: Artist busy on his creative work

VTA

ईमानदार करदाताओं को संरक्षण के साथ विशेष सुविधाएँ एवं सम्मान देने की मांग

9 अक्टूबर 2026  6.15 PM

नागपुर - विदर्भ टैक्सपेयर्स एसोसिएशन (वीटीए) ने जीएसटी परिषद द्वारा जीएसटी 2.0 के अंतर्गत लिए गए महत्वपूर्ण एवं करदाता हितैषी निर्णयों का हार्दिक स्वागत किया है। वीटीए ने इन सुधारों को कर प्रणाली के सरलीकरण, व्यापार सुगमता तथा करदाताओं को अनावश्यक कानूनी जटिलताओं से राहत दिलाने की दिशा में एक सराहनीय एवं बहुप्रतीक्षित कदम बताया है।

वीटीए ने इन महत्वपूर्ण सुधारों के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, जीएसटी परिषद के सभी सदस्यों तथा केंद्र एवं राज्य सरकारों के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया है। विशेष रूप से गिरफ्तारी संबंधी प्रावधानों को हटाने, अभियोजन की सीमा बढ़ाने, मामूली अपराधों के गैर-अपराधीकरण, अनुपालन प्रक्रिया को सरल बनाने तथा टैक्स रिफंड में तेजी लाने जैसे निर्णयों का स्वागत किया गया।

वीटीए अध्यक्ष श्रवण कुमार मालू ने कहा कि जीएसटी में किए गए ये सुधार देश की कर व्यवस्था को अधिक सरल, पारदर्शी एवं व्यापार-अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

उन्होंने कहा, "ईमानदार करदाता देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। वे अपनी मेहनत की कमाई से करों का भुगतान कर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। ऐसे करदाताओं को सम्मान और संरक्षण मिलना चाहिए, न कि अनावश्यक नोटिस, जांच एवं उत्पीड़न का सामना करना पड़े। कर व्यवस्था का उद्देश्य करदाताओं में भय उत्पन्न करना नहीं, बल्कि स्वैच्छिक कर अनुपालन को प्रोत्साहित करना होना चाहिए।"

मालू ने आगे कहा कि सरकार को ईमानदार करदाताओं को केवल उत्पीड़न से बचाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके योगदान को पहचानते हुए उन्हें विशेष सम्मान एवं सुविधाएँ भी प्रदान करनी चाहिए।

वीटीए सचिव तेजिन्दर सिंह रेणु ने जीएसटी परिषद द्वारा आपराधिक प्रावधानों में राहत, अभियोजन की सीमा बढ़ाने, प्रक्रियाओं के सरलीकरण एवं त्वरित रिफंड जैसे निर्णयों की सराहना करते हुए कहा कि ये सुधार व्यापारियों एवं उद्यमियों का विश्वास बढ़ाने में सहायक होंगे।

रेणु ने कहा, "ईमानदारी से करों का भुगतान करने वाले करदाता सरकार के विरोधी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में उसके सहयोगी हैं। जानबूझकर कर चोरी करने वालों के विरुद्ध निश्चित रूप से कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन सामान्य मानवीय भूल, तकनीकी त्रुटि अथवा छोटी प्रक्रियागत चूक के कारण ईमानदार व्यापारियों को भारी जुर्माने, अभियोजन या उत्पीड़न का सामना नहीं करना पड़ना चाहिए।"

उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार को नियमित एवं ईमानदारी से करों का भुगतान करने वाले करदाताओं के लिए विशेष सम्मान एवं प्रोत्साहन योजना लागू करनी चाहिए। इसके अंतर्गत प्राथमिकता के आधार पर सरकारी सेवाएँ, त्वरित टैक्स रिफंड, सरल जांच प्रक्रिया, विशेष शिकायत निवारण व्यवस्था तथा उत्कृष्ट कर अनुपालन के लिए प्रशस्ति पत्र जैसी सुविधाएँ प्रदान की जा सकती हैं।

रेणु ने कहा कि जिस प्रकार सरकार विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को सम्मानित करती है, उसी प्रकार देश के विकास में आर्थिक योगदान देने वाले ईमानदार करदाताओं को भी विशेष पहचान और सुविधाएँ मिलनी चाहिए। इससे करदाताओं का मनोबल बढ़ेगा तथा अधिक नागरिक एवं व्यवसाय स्वेच्छा से कर अनुपालन के लिए प्रेरित होंगे।

वीटीए ने विश्वास व्यक्त किया कि जीएसटी 2.0 के ये सुधार अनावश्यक मुकदमेबाजी को कम करने, व्यापारिक विश्वास बढ़ाने तथा देश की आर्थिक प्रगति को गति देने में सहायक सिद्ध होंगे। एसोसिएशन ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि भविष्य में भी कर सुधारों का आधार विश्वास, पारदर्शिता, न्याय एवं ईमानदार करदाताओं के प्रति सम्मान होना चाहिए।

वीटीए का स्पष्ट मत है कि कर चोरी करने वालों को दंडित करना जितना आवश्यक है, उतना ही ईमानदारी से कर चुकाने वालों को सम्मानित एवं प्रोत्साहित करना भी आवश्यक है।









Posted in